शामली। कोचिंग करने आए बाइक सवार बीटेक के छात्र और उसके दोस्त को अनियंत्रित बस चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और बस कब्जे में ले ली है।
झिंझाना के मोहल्ला ताड़वाला निवासी रामनिवास का बेटा ललित (22 वर्षीय) बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र था। वह शामली में सीबी गुप्ता कालोनी में कोचिंग करता था। बृहस्पतिवार की सुबह वह बाइक से शामली आया था। सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह दोस्त अंकित पुत्र आदेश निवासी झिंझाना के साथ एसटी तिराहे से पेट्रोल डलवाने के बाद शामली लौट रहा था। तभी मुजफ्फरनगर मार्ग पर कुड़ाना मोड़ के पास सामने से आए प्राइवेट बस चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। बस के पहिये के नीचे कुचल कर ललित की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बस चालक को पकड़ लिया।
बस को भी कब्जे में ले लिया। मामले में ललित के भाई अमित ने आरोपी बस चालक प्रवेज पुत्र आफाक निवासी लद्दावाला (मूल निवासी मोहल्ला चांदगीर, झिंझाना) के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।