जलालाबाद। क्षेत्र के गांव चंदेनामाल में पशुओं की लूट करने आए हथियारबंद बदमाशों ने ग्रामीण को कब्जे में ले लिया। ग्रामीणों ने घेराबंदी की तो ग्रामीण की पिटाई करने के बाद बदमाश फरार हो गए।
गांव चंदेनामाल निवासी निरंजन पुत्र नत्थू अपने घेर में सो रहा था। शुक्रवार देर रात पांच बदमाश वहां पहुंचे और निरंजन के सिर पर तमंचा तानकर गोली मारने की धमकी देकर चुप रहने के लिए कहा। कुछ बदमाश वहां बंधे पशुओं को खोलने लगे। इस दौरान शोरशराबा होने पर अन्य ग्रामीण जाग गए।
इस पर निरंजन को बदमाश अपने साथ खेतों की ओर ले गए। वहां बदमाशों ने निरंजन को पीटा। उधर, ग्रामीणों की भीड़ ने घेराबंदी शुरू कर दी और डायल-100 पर सूचना के बाद पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। इसके चलते बदमाश निरंजन को खेत में छोड़कर फरार हो गए। घटना को लेकर ग्रामीणों में रोष बना हुआ है।