कैराना। दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रियासत राणा के घर पर पुरानी रंजिश में गांव के ही दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला बोल दिया। इस दौरान रियासत राणा के पुत्र के साथ मारपीट की गई। बीच बचाव में आई उनकी पुत्री को भी पीटा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
मंगलवार को कोतवाली क्षेत्र के गांव जहानपुरा निवासी और दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री रियासत राणा के घर पर दोपहर के समय गांव के ही तीन लोग लाठी डंडे लेकर पहुंच गए। इस दौरान उनके पुत्र बिलाल ने विरोध किया, तो आरोप है कि तीनों ने लाठी डंडों से उसे पीटना शुरू कर दिया। शोर शराबा होने पर बीच बचाव को आई बिलाल की बहन नुसरत पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया और उसे भी बुरी तरह से पीटा।
बाद में तीनों जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस पहुंची और आरोपी पक्ष के दो लोगों को हिरासत में ले लिया। मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं आई है। कार्यवाहक प्रभारी सुर्जन सिंह ने बताया कि पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद चल रहा है। मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर आती है तो आगे कार्रवाई की जाएगी।