शामली। बधेव में उधार के रुपये देने आ रहे सहारनपुर निवासी लकड़ी व्यापारी से पांच बदमाशों ने 55 हजार रुपये लूट लिए। व्यापारी ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसको मारपीट कर घायल कर दिया। मामले की शिकायत पुलिस से की गई।
सहारनपुर के गांव ताताहेड़ी निवासी इरफान लकड़ी व्यापारी है। थाना आदर्श मंडी क्षेत्र के गांव बधेव निवासी एक किसान के उसने पेड़ खरीदे थे। जिसकी रकम चुकाने के लिए वह शनिवार को बधेव आ रहा था। व्यापारी के अनुसार शनिवार को जब वह टिटौली से बधेव जाने वाले रास्ते पर मुड़ा तो कुछ दूर जाने के बाद पांच बदमाशों ने उसको रोक लिया और उसके साथ मारपीट करते हुए उससे 55 हजार रुपये लूट लिए। इस दौरान इरफान ने विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
शोर-शराबा होने पर मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आदर्श मंडी पुलिस के एसआई रविंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़ित से लूट के संबंध में पूछताछ की। जिसके बाद पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया।