क्षेत्र के गांव रतनगढ़ में पाकिस्तान से आकर रह रहे हिंदू परिवारों के विभिन्न दस्तावेजों को जांचने के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की टीम गांव रतनगढ़ पहुंची। वहां पाकिस्तानी हिंदुओं के दस्तावेजों की जांच पड़ताल की। विभाग की टीम ने सभी पाकिस्तानी हिंदुओं की विस्तृत रिपोर्ट उच्चाधिकारियों के पास भेज दी है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2000 में पाकिस्तान से कुछ परिवार एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए रोहतक में आए थे। इसके बाद पाकिस्तान से आए हिंदू परिवार रोहतक में ही बस गए थे।
इन परिवारों के रोहतक में रहने के दौरान राशन कार्ड आदि प्रशासन द्वारा बनाए गए थे। बाद में इनमें से कुछ परिवार गांव रतनगढ़ में आ गए थे तथा यहीं रहने लगे थे। इस दौरान इन परिवारों के सदस्यों के राशन कार्ड को प्रशासन ने काट दिया। इन परिवारों की बच्चों की शादियां भारतीय परिवार में हो गई और उनकी संतानें भी यहीं पैदा हुईं। राशन कार्ड कट जाने के कारण इन परिवारों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसको लेकर परिवार के मुखिया डबाया राम व अन्य सदस्यों ने बीते दिन सरकार व प्रशासन के उच्च अधिकारियों को मिलकर आग्रह किया था कि उनके राशन कार्ड यहीं पर दोबारा बनाए जाएं। प्रशासन के उच्च अधिकारियों के निर्देशों पर जिला खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी लेखराज और खाद्य पूर्ति निरीक्षक यादविंदर गिल के नेतृत्व में एक टीम रतनगढ़ पहुंची तथा उक्त परिवारों के विभिन्न दस्तावेजों को जांचा। गांव के सरपंच वह अन्य मौजूद व्यक्तियों से उक्त परिवारों के गांव में रहने की जानकारी की जानकारी जुटा कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी।