शामली। बुढ़ाना मोड़ के निकट ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार छात्रा की मौत हो गई। परिजन शव को अपने साथ ले गए। बाद में छात्रा के परिजनों ने कोतवाली में तहरीर दी।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सिंभालका निवासी मोहन शर्मा की बेटी नेहा (21) और अनुपमा वीवी पीजी कॉलेज में बीए फाइनल ईयर की छात्रा हैं। इसके साथ ही दोनों शहर के ही सैनिक पब्लिक स्कूल में पढ़ाती भी हैं। मंगलवार को दोनों बहनें स्कूल से वापस स्कूटी पर लौट रही थी। जब वह बुढ़ाना मोड़ के निकट पहुंची, तो पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे स्कूटी पर पीछे बैठी नेहा ट्रक के अगले पहिये पर जा गिरी।
इस दौरान पहिये की चपेट में आकर नेहा काफी दूर तक घिसटती चली गई। शोर शराबा सुनकर राहगीर घटना स्थल की तरफ दौड़े, तो चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। बाद में राहगीरों की मदद से अनुपमा गंभीर हालात में नेहा को लेकर नर्सिंग होम में पहुंची।
वहां के चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अनुपमा ने परिजनों को सूचना दी, तो परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया, जबकि परिजन शव को अपने साथ ले गए। बाद में छात्रा के ताऊ राजेंद्र ने तहरीर दी।