ललितपुर। रविवार को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ईएनटी विभाग के दो चिकित्सकों के बीच हुए विवाद की मजिस्ट्रियल जांच कराई जाएगी। इसके लिए डीएम ने उपजिलाधिकारी रमेश चंद्र को नामित कर दिया है।
रविवार की दोपहर में करीब डेढ़ बजे ईएनटी सर्जन डा. राकेश दत्त इमरजेंसी वार्ड में आकर ड्यूटी पर तैनात ईएनटी सर्जन डा. एम के गुप्ता से अभद्रता करने लगे थे। डा. दत्त का कहना था कि ईएनटी विभाग में केवल वही ऑपरेशन करेंगे। इस विवाद का जड़ बानपुर के बिल्ला गांव का आठ वर्षीय संजू था, जिसके जबड़े का ऑपरेशन होना था। जबड़े का ऑपरेशन करने की तैयारी डा. गुप्ता ने कर ली थी, लेकिन ऑपरेशन के पहले ही मरीज तीमारदारों सहित अस्पताल से गायब हो गया था और उसके परिजनों ने जिला अस्पताल से थोड़ी दूरी पर स्थित एक चिकित्सालय में ऑपरेशन करा लिया था।
इस मामले में दोनों चिकित्सकों द्वारा हंगामा किए जाने को जिलाधिकारी डा. रूपेश कुमार ने गंभीरता से लेते हुए इसकी मजिस्ट्रीयल जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
दलाल भड़काते मरीजों को
ललितपुर। किसी भी ऑपरेशन संबंधी मरीज के जिला अस्पताल में आने पर वहां सक्रिय दलाल उन्हें बरगलाना शुरू कर देते हैं। अधिकतर मामलों में दलाल कम दाम में बेहतर इलाज निजी चिकित्सालय में कराने का वादा करते हैं।
महिला अस्पताल की मिल रहीं शिकायतें
जिलाधिकारी डा. रुपेश कुमार को महिला अस्पताल में व्याप्त अनियमितताओं की तमाम शिकायतें भी मिल रही हैं। इनको गंभीरता से लेेते हुए डीएम ने महिला अस्पताल की गतिविधियों की जानकारी लेना प्रारंभ कर दिया है। जल्द ही महिला अस्पताल के स्टाफ की कारगुजारियों पर कड़ी कार्रवाई की संभावना है।