नौकरी लगवाने के नाम पर युवती का अपहरण कर लिया गया। युवती के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कराने और युवती को आरोपी के चंगुल से मुक्त कराने की मांग की है।
युवती थानाभवन क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। बुधवार को उसके परिजनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र दिया। उन्होंने बताया कि एक महीना पूर्व पड़ोसी युवक ने उनकी बेटी से कहा कि मैं दिल्ली में तुम्हारी नौकरी लगवा दूंगा। नौकरी लगवाने के बाबत उसने एक लाख रुपये भी लिए। यह रकम कुछ अपने पास से और कुछ रिश्तेदारों से उधार लेकर दी गई। इसके बाद युवती को लेकर आरोपी युवक कहीं चला गया और लौटकर नहीं आया।
उसके परिजनों से शिकायत की, तो वह भी गाली गलौज और मारपीट पर उतर आए। युवती के परिजनों का कहना है कि आरोपी युवक से उनके एक लाख रुपये दिलाए जाएं तथा आरोपी के चंगुल से युवती को मुक्त कराया जाए। वहीं, इस मामले में एसपी ने थानाभवन थानाध्यक्ष को जांच और कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। कहा कि जल्द ही आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया जाएगाा।
छेड़छाड़ का आरोपी दे रहा जान से मारने की धमकी ः शामली। कस्बा गढ़ीपुख्ता निवासी महिला ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर पहुंचकर शिकायत पत्र दिया। आरोप है कि पड़ोसी युवक ने घर में घुसकर उसके साथ छेड़छाड़ की तथा विरोध करने पर मारपीट करके फरार हो गया। पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की गई है।