शामली के कस्बा कांधला में पुरानी पुलिस चौकी के पास मकान के बाहर सो रहे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। वहीं, पुलिस के मुताबिक आसपास भवनों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी जा रही है, ताकि हत्यारोपियों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने कहा कि हत्या का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
कस्बा कांधला के मोहल्ला खैल पुरानी पुलिस चौकी के समीप बाग ठेकेदार नईम का मकान है। नईम व उसके परिवार के लोग राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में ठेके पर बाग लेते हैं। कुछ दिन पहले ही नाजिम (19 ) पुत्र नईम हरियाणा में बाग से वापस घर आया था। बुधवार रात नाजिम मोहल्ले के लोगों के साथ क्रिकेट मैच देख रहा था। मैच समाप्त होने के बाद वह मकान के बाहर ही चारपाई पर सो गया। देर रात बदमाशों ने गोली मारकर नाजिम की हत्या कर दी। बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे मोहल्ले के लोग जब नमाज के लिए अपने घर से निकले, तो चारपाई पर नाजिम को खून से लथपथ पड़ा देखा।
इसके बाद परिवार के लोग भी जाग गए और मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना मिलने पर कांधला थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंच कर घटना के संबंध में छानबीन की। सीओ कैराना राजेश कुमार तिवारी ने भी पीड़ित परिवार से वार्ता की। इसके बाद शव कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में नाजिम के चाचा शकील ने अज्ञात में बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। हत्या क्यों हुई, इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली
मोहल्ला खैल में जहां नाजिम की हत्या हुई, उसके पास ही दो मकानों पर सीसीटीवी लगा हुआ है। पुलिस ने दोनों सीसीटीवी की फुटेज खंगाली, लेकिन देर रात में वारदात होने की वजह से फुटेज में कुछ साफ नजर नहीं आया।
पांच अक्तूबर को होनी थी शादी
मृत युवक के चाचा शकील ने बताया कि नाजिम का रिश्ता तय हो चुका था। उसकी पांच अक्तूबर को शादी होनी थी। उसके लिए परिवार के लोग तैयारियां भी कर रहे थे, लेकिन बदमाशों ने नाजिम की हत्या करके परिवार की खुशियां छीन लीं।
मेरे लाल को ला दो
नाजिम के शव से लिपटकर उसकी मां रुखसार रोते होते कई बार बेहोश तक हो गई। मां कहती रही कि अपने लाल को दूल्हे के लिबास में देखती, लेकिन बदमाशों ने उसे कफन पहना दिया। मेरे लाल को ला दो। एक मां की हाय पड़ेगी, हत्या करने वालों को सजा दिला दो।