गांव शेखूपुरा में हुई किसान विरेंद्र की हत्या का मामला सुलझ नहीं रहा है। हत्याकांड को चार दिन बीत गए, लेकिन अभी तक आदर्शमंडी पुलिस के हाथ कोई भी सुराग नहीं लगा है।
खेत में पानी चलाने गए थाना आदर्शमंडी के गांव शेखूपुरा निवासी युवा किसान विरेंद्र का शव 14 सितंबर की सुबह पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला दबाना आया था। एसओजी तथा थाना आदर्शमंडी प्रभारी राजकुमार शर्मा इस मामले की तफ्तीश में लगे हुए हैं। मामले में कोई सुराग हाथ लगे, इसके लिए मुजफ्फरनगर से डॉग स्क्वॉड टीम से भी इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए मदद ली गई थी, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। पुलिस के अनुसार विरेंद्र किसी मोबाइल का भी प्रयोग नहीं करता था, ताकि उसकी सीडीआर निकलवा कर आगे की जांच की जा सके। उधर, एसओ आदर्शमंडी राजकुमार शर्मा का कहना है कि हत्या की जांच जारी है, हर हालत में मर्डर करने वाले का पता लगा लिया जाएगा।