वाहन की टक्कर से अधेड़ की मौत
झिंझाना(शामली)। गांव ऊदपुर जाते समय बाइक सवार अधेड़ को किसी वाहन चालक ने टक्कर मार दी। पुलिस ने उसको अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बृहस्पतिवार अपराह्न करीब चार बजे गांव ऊदपुर निवासी इरफान (50 ) झिंझाना से बाइक पर अपने गांव लौट रहा था। जब वह मेरठ करनाल हाईवे स्थित काठा नदी के निकट पहुंचा, तो अज्ञात वाहन चालक ने उसको टक्कर मारकर घायल कर दिया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। जब तक एंबुलेंस मौके पर पहुंची, तो इरफान अचेत हो चुका था। इसके बाद उसको झिंझाना सीएचसी लाया गया। वहां चिकित्सकों ने इरफान को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। थाना प्रभारी भगवत सिंह ने बताया कि पंचनामा भरने के बाद इरफान का शव उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
ट्रैफिक पुलिस पर सुविधा शुल्क मांगने का आरोप
झिंझाना। लुधियाना (पंजाब) से साइकिलें लादकर कोलकाता जा रहे ट्रक को मेरठ करनाल हाइवे पर टिटौली चौकी के पास बुधवार रात ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने चेकिंग के दौरान रोक लिया। कागजात न दिखाने, प्रदूषण, प्रेशर हॉर्न का प्रयोग आदि नियमों का उल्लंघन करने पर ट्रक को सीज कर दिया गया। ट्रक चालक जगरूप सिंह ने बृहस्पतिवार को पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोप लगाया कि सुविधा शुल्क न देने पर इतने आरोप लगाकर ट्रक को सीज किया गया।