शामली। क्षेत्र के गांव बहावड़ी निवासी सचिन ने रविवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह होने पर परिजनों को इसका पता चला। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि युवक काफी दिनों से डिप्रेशन में था। मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। उधर, गांव के ही सुधीर की बीमारी तथा अमरदीप की सोमवार को हार्टअटैक से मौत हो गई। इनकी मौत से उनके परिजनों में भी कोहराम मच गया। सोमवार को गांव में तीन लोगों की मौत से कोहराम मच गया।
हमले में घायल व्यक्ति की मौत
शामली। थाना आदर्श मंडी क्षेत्र के गांव शेखूपुरा में दो दिन पूर्व नाली को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों में झगड़ा हो गया था। जिसमें रफल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसका इलाज मेरठ स्थित अस्पताल में चल रहा था। वहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सोमवार को रफल का शव गांव में पहुंचा। परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। उधर, पुलिस ने इस मामले में परिजनों की तरफ से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर दो लोगों गिरफ्तार कर लिया, जबकि चार आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
महिला के साथ मारपीट
शामली। नगर के मोहल्ला कलंदरशाह निवासी सितारा ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि एक युवक ने उसके साथ गालीगलौज कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने उसको पीटकर घायल कर दिया। शोरशराबा होने पर आरोपी युवक जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।