पॉलीथिन बैग का प्रयोग मिलने पर लगाया जुर्माना
कैराना। पॉलीथिन बैग पर पूर्णत: प्रतिबंध के बावजूद भी नगर में पॉलीथिन का उपयोग धड़ल्ले से किया जा रहा है। शनिवार को नगर पालिका टीम ने अभियान चलाकर रेहड़ी व दुकान पर छापेमारी की। इस दौरान डेढ़ किलो पॉलीथिन जब्त की तथा 1500 रुपये का जुर्माना लगाया।
नगरपालिका परिषद कैराना के सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अनिल कुमार की अगुवाई में पालिका की टीम ने शनिवार को नगर में अभियान चलाया। इस दौरान चौक बाजार, जोड़वा कुआं व शामली बस स्टैंड पर दुकानों व ठेली वालों की चेकिंग की गई। टीम ने चौक बाजार में केले की एक ठेली व एक किराना की दुकान से डेढ़ किलो पॉलीथिन पकड़ी, जिसे जब्त कर लिया गया, जिस पर टीम ने चालान करने के साथ ही ठेली वाले पर 500 व दुकानदार पर एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया। टीम ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में प्रतिबंधित पॉलीथिन का किसी भी व्यक्ति अथवा दुकानदार ने उपयोग किया, तो पॉलीथिन जब्त करके संबंधित व्यक्ति पर निर्धारित जुर्माना व कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सुभाष चंद, मोहम्मद असलम, अबसार अहमद, राजकुमार, रविकांत, रविंद्र आदि मौजूद रहे।