कांधला। चोरों ने कस्बा एलम में दो किसानों के घरों से नगदी और जेवरात चोरी कर लिए। पीड़ित किसानों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बा एलम के नाला रोड बस्ती निवासी किसान यशपाल के घर में दीवार फांदकर शनिवार की देर रात चोर घुस गए। उस वक्त घर के सभी सदस्य मकान की छत पर सोए हुए थे। परिवार के लोगों के अनुसार चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर वहां से एक लाख रुपये की नगदी, करीब दो लाख रुपये के सोने चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। इसके बाद चोर पड़ोस के किसान सोनू के मकान में जा घुसे। सोनू भी अपने परिवार के साथ छत पर सोया हुआ था। चोरों ने नीचे कमरों का ताला तोड़कर वहां से घर खंगालना शुरू कर दिया। परिवार के लोगों के अनुसार चोर घर में रखी 35 हजार की नगदी वऔर करीब 60 हजार की कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी करके ले गए। सुबह उठने पर दोनों परिवारों को घटना की जानकारी हुई। घर का पूरा समान बिखरा हुआ था। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की छानबीन की। किसानों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।