कैराना। तंत्र क्रिया और जादू टोने की आड़ में कैराना निवासी एक तांत्रिक द्वारा 27 लाख रुपये की ठगी हरियाणा में कर ली गई। मामले में हरियाणा पुलिस ने आरोपी के साथियों की तलाश में कैराना में छापेमारी की।
सोमवार को हरियाणा के थाना फतेहाबाद में तैनात एसआई देवी लाल ने पुलिस टीम के कैराना कोतवाली पर आमद दर्ज कराई। इसके बाद स्थानीय पुलिस को साथ लेकर नगर के विभिन्न मोहल्लों में छापेमारी की। घंटों चली इस कार्रवाई के बाद भी पुलिस के हाथ कोई सफलता नहीं लगी। हरियाणा पुलिस के एसआई ने बताया कि उनके क्षेत्र में तंत्र क्रिया व जादू टोने की आड़ में कैराना निवासी कथित तांत्रिकों ने 27 लाख रुपये की ठगी की थी। जिसमें मुकदमा दर्ज किया गया था। 10 मई को मामले में झिंझाना थाना क्षेत्र के ग्राम बिड़ौली से साजिद नामक कथित तांत्रिक को गिरफ्तार लिया गया था, इसने बाद में अपने साथियों के नाम भी पुलिस को बताए हैं, जोकि उसके साथ ठगी करने में शामिल थे। कथित तांत्रिक द्वारा बताए गए बाकी साथियों की गिरफ्तारी अमल में लाने के लिए कैराना में दबिश अभियान चलाया गया। बाद में सफलता नहीं मिलने के चलते हरियाणा पुलिस खाली हाथ लौट गई।