सूरज उर्फ मोहित की हत्या के मामले में पुलिस हत्यारोपियों से बरामद कपड़े, तमंचा और खोखा कारतूस को जांच करने के लिए फोरेंसिक लैब भेजेगी। शामली पहुंची भौराकलां पुलिस ने सामान कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
15 सितंबर को मुजफ्फरनगर के थानाक्षेत्र भौराकलां के गांव मुंडभर में शैलेंद्र के खेत में शव बरामद हुआ था। उसकी शनाख्त सूरज उर्फ मोहित पुत्र विजयपाल निवासी श्रीपाल विहार नाला पटरी के रूप में हुई थी। इस संबंध में एक मुकदमा भौराकलां थाने में दर्ज किया गया था। जिसकी जांच वहां की पुलिस ने की थी। पता चला था कि मोहित की हत्या अवैध संबंधों के चलते उसके परिजनों घर में की थी। जिसके बाद इस मामले की जांच कोतवाली पुलिस को सौंप दी गई थी। मामले में आरोपी राहुल और राजपाल सिंह निवासी मोहल्ला श्रीपाल विहार को गिरफ्तार कर जेल भेजकर हत्याकांड का खुलासा कर दिया था। पुलिस के अनुसार दोनों हत्यारोपियों ने मोहित की हत्या करने के बाद कार में डालकर शव को भौराकलां थानाक्षेत्र में डाल दिया था। हत्यारोपियों के पास से तमंचा, खोखा कारतूस, ब्लड में सने कपड़े और एक कार बरामद कर ली थी। इस हत्याकांड में बरामद तमंचा, खोखा कारतूस और कपड़ों की जांच को अब फोरेसिंक लैब आगरा में भेजा जाएगा। इसी संबंध में बुधवार को आगरा से एक टीम कोतवाली में पहुंची और आमद दर्ज कराकर तमंचा, खोखा, कपड़े, छर्रे, गाड़ी शामली कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इस मामले में विवेचक रफी परवेज ने बताया कि हत्याकांड का खुलासा तो पूर्व में किया जा चुका है, अब हत्यारोपियों से बरामद तमंचे, खोखा कारतूस तथा अन्य सामान को जांच के लिए फोरेंसिक लैब में भेजा जाएगा।