गांव नौनांगली में बिजली बिल वितरण करने गए बिजली विभाग के ठेकेदार के कर्मचारियों ने ग्रामीणों को बिल कम बनाने को बताकर उनसे हजारों रुपये ठग लिए। बाद में मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया।
मंगलवार को गांव नौनागली में बिजली विभाग में बिजली बिल एकत्र करने के लिये ठेकेदार के माध्यम से काम करने वाले कर्मचारी पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने ग्रामीणों का बिल कम करवाने के नाम पर ग्रामीणों से रुपये लेने शुरू कर दिए। यह बात किसी ने ग्राम प्रधान पति नरेंद्र दहिया को दी। जिसके बाद ग्राम प्रधान ग्रामीणों के साथ वहां पहुंचे और कर्मचारियों से ग्रामीणों से लिए गए रुपयों की रसीद देने को कहा तो वह बगले झांकने लगे। जिस पर प्रधान पति ने फोन कर झिंझाना पुलिस को बुलाकर चारों युवकों को पुलिस को सौंप दिया है। थाना प्रभारी भगवत सिंह का कहना है इस मामले में विद्युत विभाग के जेई को सूचना दी है। उनके आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। जबकि ग्रामीण कंवरपाल पुत्र सुखबीर सिंह ने चारों युवकों के खिलाफ गांव में बिजली बिल के नाम पर अवैध उगाही करने की तहरीर थाना झिंझाना में दी है।