शामली। एक युवक के खाते से नेट बैंकिंग के जरिये धोखाधड़ी कर दस लाख 50 हजार रुपये निकाल लिए गए। मामला मार्च 2017 का है, जिसमें पीड़ित युवक ने सोमवार को शामली कोतवाली में ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स के शाखा प्रबंधक समेत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शामली के हनुमान रोड निवासी आशीष अग्रवाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका बैंक खाता शामली स्थित ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स शाखा में है। सात मार्च 2017 को उसके खाते से नेट बैंकिंग के जरिये दस लाख 50 हजार रुपये निकाल लिए गए। उसने बैंक अधिकारियों से संपर्क किया, तो उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद आशीष खुद ही अपने मामले की पड़ताल करने में जुट गया। इसमें मालूम चला कि उसके खाते से धनराशि निकालने में शाखा प्रबंधक राजीव, एक मोबाइल कंपनी की एक्जीक्यूटिव रितू राजपूत और दिल्ली निवासी पंकज डंगवाल की साजिश रही। सोमवार को आशीष अग्रवाल की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामला एक साल पुराना है, जिसमें अब रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
चोरी के मामले में रिपोर्ट दर्ज
शामली। शहर के नया बाजार में शूज विक्रेता की दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। शूज व्यापारी पवन वालिया ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शनिवार की रात उनकी दुकान का ताला तोड़कर करीब चार लाख रुपये कीमत के जूते चोरी कर लिए गए थे। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पवन वालिया की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चोरों को तलाश किया जा रहा है।