कांधला (शामली)।
मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किए बदमाश को पुलिस ने रविवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। वहीं, मुठभेड़ के दौरान फरार हुए बदमाश की तलाश में पुलिस लगी हुई है।
शनिवार देर रात गांव गंगेरू निवासी बाइक सवार संदीप से हथियारबंद दो बदमाशों ने गांव गढ़ी दौलत मोड़ बाग के पास 22 हजार रुपये नकदी और बाइक लूट ली थी। वारदात सूचना मिलने पर थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने पुलिस टीम के साथ बदमाशों की घेराबंदी की थी। इस दौरान दोनों ओर से फायरिंग होने पर एक बदमाश घायल हो गया था और सिपाही आशीष भी घायल हो गया था। घायल बदमाश विजित पुत्र ओमबीर तोमर को पुलिस ने अस्पताल भेज दिया था। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी ने अपने साथी का नाम जितेंद्र निवासी गांव सूप थाना रमाला (बागपत) बताया।
उधर, गिरफ्तार आरोपी विजित को रविवार दोपहर न्यायालय में पेश किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि विजित के साथी बदमाश जितेंद्र को गिरफ्तार करने के लिए प्रयास किया जा रहा है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई हैं, लेकिन अभी आरोपी हाथ नहीं लगा है।