खेत से घर लौट किसान को रास्ते में कुछ लोगों ने घेरकर गोली मार दी। आरोप है कि घायल किसान से लूटपाट भी की गई। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव भूरा निवासी महताब उर्फ मोटा सोमवार शाम खेत पर काम कर रहा था। इसी बीच गांव के ही छह युवक वहां आए और पुरानी रंजिश के चलते महताब के साथ पानी चलाने के विवाद में गाली-गलौज हो गई। उस समय तो आरोपी धमकी देते हुए वहां से चले गए। इसके बाद महताब देर शाम घर आ रहा था। इसी बीच रास्ते में आरोपियों ने महताब को रोक लिया और मारपीट करते हुए फायर झोंक दिया। आरोपी उससे पांच हजार रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायल को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत के चलते उसे बाहर रेफर कर दिया।
सूत्रों के अनुसार 2013 में गांव में बाबर की हत्या कर दी गई थी इसमें महताब आरोपी था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घायल की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर लिया। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर इकराम, आरिफ, मुस्तफा उर्फ मूसा, राशिद, मुनव्वर व गय्यूर निवासी भूरा के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।