फीस मांगने पर प्रधानाचार्य को पीटा
कांधला (शामली)। निजी स्कूल के प्रधानाचार्य ने छात्र के परिजनों से फीस मांगी। इस पर छात्र के परिजनों और अन्य लोगों ने प्रधानाचार्य को पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित प्रधानाचार्य ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कस्बा कांधला के मोहल्ला रायजादगान निवासी सचिन शर्मा पास में ही दीपचंद पब्लिक स्कूल के नाम से अपना स्कूल चलाते हैं। सचिन शर्मा के मुताबिक मोहल्ला खैल निवासी एक छात्र उनके स्कूल में पढ़ता है। पिछले दो साल से छात्र के परिजनों ने फीस जमा नहीं कराई। बृहस्पतिवार को छात्र के घर पहुंचकर परिजनों से फीस मांगी। आरोप है कि छात्र के परिजनों व अन्य लोगों ने प्रधानाचार्य के साथ मारपीट कर दी। कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी। घायल प्रधानाचार्य सचिन ने उपचार कराने के बाद कांधला थाना पुलिस को तहरीर दी। वहीं, मान्यता प्राप्त स्कूल संगठनों ने घटना की निंदा करते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक ओपी चौधरी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।