कैराना। नगर पालिका परिषद कैराना के कार्यालय में मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एक पक्ष से पालिका के लिपिक ने तीन नामजद और 50 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, दूसरे पक्ष की तरफ से नगरपालिका चेयरमैन सहित 14 लोगों पर मुकदमा कराया गया है। पुलिस जांच में जुटी है।
कस्बा कैराना में गोरे गरीबां कब्रिस्तान में नगरपालिका द्वारा सबमर्र्सिबल लगवाने पर कुछ लोग विरोध कर रहे थे। साथ ही जिलाधिकारी से शिकायत कर कब्रिस्तान की भूमि पर अवैध कब्जा बताया था। नगर पालिका ने उस शिकायत पर अपना स्पष्टीकरण भेज दिया था। बृहस्पतिवार को नगरपालिका कार्यालय में पहुंचकर दूसरे पक्ष के लोगों ने स्पष्टीकरण की कॉपी मांगी थी। इसी दौरान पालिका कर्मियों के साथ विवाद होने पर मारपीट हो गई थी। दोनों पक्षों के लोग घायल हुए थे। पुलिस ने पांच लोगों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था। बाद में दोनों पक्षों की ओर से कैराना कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई।
कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह ने बताया कि मामले में एक तरफ से पालिका के जलकल विभाग में कार्यरत लिपिक इनाम हसन की ओर से इसरार, अकबर तथा हारुन को नामजद तथा 50 अज्ञात लोगों द्वारा कार्यालय में घुसकर मारपीट करने, सरकारी कार्यालय में बाधा डालने, तोड़फोड़ करने तथा फाइलें फाड़ने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, दूसरे पक्ष से इसरार निवासी मोहल्ला दरबारकलां की तरफ से दी गई तहरीर पर नगर पालिका अध्यक्ष हाजी अनवर हसन, इनाम, तोसीफ व दानिश तथा 10 अज्ञात लोगों पर बंधक बनाकर मारपीट करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
सफाई मजदूर महासंघ ने दी हड़ताल की चेतावनी
कैराना। उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर महासंघ कैराना के अध्यक्ष सुभाष चंद के नेतृत्व में दर्जनों कर्मचारी तहसील कार्यालय पर पहुंचे। उन्होंने नगरपालिका के कार्यालय में हमला करने के विरोध में जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पालिका कार्यालय में हमला करके आरोपियों ने दुस्साहस का परिचय दिया है। यदि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में कोई भी बड़ी घटना भी हो सकती है। कार्यालय में सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की गई। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों के खिलाफ जल्दी ही सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो बेमियादी हड़ताल पर चले जाएंगे। एसडीएम सुरजीत सिंह ने उन्हें कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है। ज्ञापन देने वालों में महासंघ के उपाध्यक्ष सोहनलाल, तासिम अली, इनाम हसन, महासचिव इंद्रपाल, मोहम्मद आफताब, शादाब बाबू, महेंद्र, मुरदास, सत्यप्रकाश, राजकुमार, राकेश सिंघल व इकबाल हसन आदि मौजूद रहे।
एसडीपीआई के पदाधिकारियों ने की एसपी से मुलाकात
शामली। सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) के जिलाध्यक्ष जाबिर हसन ने कार्यकर्ताओं के साथ शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक से उनके कार्यालय पर मुलाकात की। जाबिर हसन ने बताया कि कैराना नगर पालिका द्वारा कब्रिस्तान की भूमि पर अवैध कब्जा करने की नीयत से नलकूप लगा रही थी, जिसका पूर्व में विरोध किया गया था। साथ ही जिलाधिकारी से शिकायत की गई थी। बृहस्पतिवार को पार्टी के कार्यकर्ता की गई शिकायत के जवाब की आख्या की कॉपी लेने पालिका कार्यालय में गए थे, लेकिन वहां कार्यकर्ताओं को घेरकर पीटा गया। उनकी मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। कार्यालय में लगे सीसीटीवी की फुटेज भी देखी जाए। वहीं, पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार ने कैराना कोतवाली पुलिस को जांच करने का निर्देश दिया है।