कई जिलों में फैली है गुप्ता परिवार की संपत्ति
शामली। व्यापारी के यहां इनकम टैक्स विभाग के छापे से कई बातें निकलकर सामने आ रही हैं। एक तो यह है कि सतीश चंद गुप्ता का परिवार शहर के चुनिंदा प्रमुख व्यापारियों में शुमार होता है, तो इस परिवार की संपत्ति भी कई जिलों में बताई जाती है।
शामली की जिस नेहरू मार्केट और गेंदामल मार्केट में इनकी दुकानें हैं और शोरूम है, वह भी शहर की चुनिंदा महंगी जमीनों वाले क्षेत्र में से एक है। यह भी मालूम चला है कि मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर में हाईवे किनारे कुछ साल पूर्व शुगर मिल मालिकों से एक फार्म हाउस खरीदा गया था, उसमें भी गुप्ता परिवार की साझीदारी रही है। यह भी चर्चा है कि उत्तराखंड के मसूरी में एक होटल भी गुप्ता परिवार ने साझीदारी में खरीदा था। इस लिहाज से गुप्ता परिवार के यहां इनकम टैक्स का छापा पड़ने से इलाके में चर्चा बनी रही।
--- टीम में शामिल रहे 50 से ज्यादा लोग
छापा मारने पहुंची इनकम टैक्स विभाग की टीम में तीन असिस्टेंट कमिश्नर, पांच डिप्टी डायरेक्टर, 20 इंस्पेक्टर, आठ आयकर अधिकारी और अन्य स्टाफ के अलावा पीएसी भी टीम अपने साथ लाई थी। वहीं, शामली कोतवाली से दो दरोगा और पांच कांस्टेबल भी छापे के दौरान मौजूद रहे।
बैंकों से ली खातों की जानकारी
इनकम टैक्स विभाग की टीम ने गुप्ता परिवार के बैंक खातों की जानकारी भी खंगाली। शामली में पालिका बाजार स्थित बैंक शाखा में पहुंचकर इस परिवार के सदस्यों के खातों के बारे में जानकारी ली गई। साथ ही परिवार के लोगों से भी खातों में मौजूद धनराशि के बारे में जानकारी जुटाई।
कोई करीबी हो सकता है विभीषण
शामली। इनकम टैक्स विभाग की टीम को जिस प्रकार से पूर्व चेयरमैन स्वर्गीय रमेशचंद गुप्ता के मकान और संपत्ति के बारे में पूरी जानकारी पहले से मालूम थी, उससे अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी करीबी ने इनके खिलाफ इनकम टैक्स विभाग में आय से अधिक संपत्ति होने और टैक्स चोरी करने के आरोप में शिकायत की हो। क्योंकि टीम को यह भी मालूम था कि किस किस संपत्ति में इस परिवार की साझीदारी है। इसी के चलते इनके एक साझीदार के यहां मेरठ में भी छापा मारने की बात चर्चा में रही।