गुड़िया हत्याकांड के खुलासे की मांग
कांधला।
गांव सुन्ना निवासी गुड़िया हत्याकांड में पुलिस अभी किसी नतीजे पर दिखाई नहीं दे रही है। उधर, शनिवार को मामले में कश्यप समाज के अध्यक्ष की ओर से सपा राष्ट्रीय सचिव से वारदात का खुलासा शीघ्र कराए जाने की मांग की है।
थाना क्षेत्र के गांव सुन्ना निवासी गुड़िया तीन वर्ष पुत्री हरेंद्र 19 सितंबर को अपने घर से स्कूल के लिए गई थी। घर नहीं लौटने पर परिजनों ने अपहरण के बाद हत्या की आशंका जताते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अगले दिन कृष्णा नदी से गुड़िया का शव बरामद किया गया था। घटना को 72 घंटे बीत गए है, लेकिन अभी तक पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। इसे लेकर समाज के लोगों में रोष व्याप्त है। शनिवार को कश्यप समाज के अध्यक्ष अमित ने कश्यप निषाद युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सपा के राष्टीय सचिव सुधाकर कश्यप को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। समाज की ओर से अध्यक्ष ने अपने पत्र में वारदात के जल्द खुलासा किए जाने की मांग की है।