कैराना। युवती की अश्लील वीडियो बना कर वायरल करने के प्रकरण में वांछित चल रहे चौथे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया। कोतवाली प्रभारी राजेंद्र कुमार नागर के मुताबिक एक सप्ताह पूर्व सहारनपुर जिले के गांव ही रहने वाली एक युवती अपनी मां और मंगेतर के साथ किसी काम से कैराना आई हुई थी। मन्नामाजरा गांव के निकट वह बाइक से उतर कर लघुशंका करने के लिए पास में गन्ने के खेत में गई तो पांच युवकों ने उसे पकड़ लिया था। इसके बाद उसे गैंगरेप की धमकी देते हुए उसकी अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थी। प्रकरण में मन्नामाजरा गांव के पांचों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस तीन आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि चौथे नामजद आरोपी आरिफ निवासी मन्नामाजरा को कैराना बस स्टैंड से मंगलवार को गिरफ्तार करके चालान कर दिया गया है। इस मामले में एक आरोपी अभी फरार चल रहा है।
पुलिस ने तीन युवक पकड़े
कैराना। एसआई उपेंद्र सिंह सोमवार की शाम टीम के साथ भूरा बाइपास पर गश्त कर रहे थे। एक संदिग्ध युवक को पकड़कर तलाशी ली गई तो उसके पास से तीन किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम महताब निवासी ग्राम भूरा बताया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी का चालान कर दिया। उधर, पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से झगड़ा करने के आरोप में बिलाल निवासी इकबालपुरा व अमीर निवासी इस्लाम नगर देहात को शांतिभंग होने की आशंका के चलते गिरफ्तार का लिया। दोनों आरोपियों का चालान कर दिया।