युवकों ने व्यापारी को पीटा, पत्नी से अभद्रता
कांधला। बाइक सवार दो युवकों ने व्यापारी की दुकान पर पहुंचकर पिटाई कर दी। बीच बचाव में आई व्यापारी की पत्नी के साथ भी अभद्रता और मारपीट की गई। घटना को लेकर व्यापारियों में रोष व्याप्त हो गया। व्यापारियों ने हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाबुझाकर शांत किया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कस्बा कांधला के मोहल्ला कानूनगोयान निवासी तरुण सैन मुख्य बाजार में रेडिमेड कपड़ों की दुकान करता है। पास में ही उनकी पत्नी ने ब्यूटी पॉर्लर खोल रखा है। बुधवार शाम करीब सात बजे बाइक सवार दो युवक व्यापारी की दुकान पर पहुंचे और पुराने किसी विवाद को लेकर व्यापारी के साथ गालीगलौज करने लगे। व्यापारी ने विरोध किया तो आरोपियों ने व्यापारी को दुकान के नीेचे से उतार कर पिटाई प्रारंभ कर दी। शोर मचाने पर व्यापारी की पत्नी बीच बचाव को आई, तो आरोपियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी। अन्य व्यापारी वहां एकत्र हुए तो हमलावर फरार हो गए। व्यापारी के साथ मारपीट की सूचना पर कुछ देर में ही मौके पर व्यापार मंडल के पदाधिकारी व काफी संख्या में व्यापारी जमा हो गए। कार्रवाई की मांग को लेकर व्यापारियों ने हंगामा शुरू कर दिया। व्यापारी की पिटाई की घटना पास के मकान के गेट पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हंगामा कर रहे व्यापारियों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस आरोपियों की पहचान करने में लगी है। थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि पीड़ित व्यापारी की ओर से तहरीर मिली है। मामले में जांच के साथ ही आरोपियों को तलाश किया जा रहा है।