धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज
कैराना। क्षेत्र के गांव बीबीपुर हटिया निवासी व्यक्ति ने गांव पावटी कला निवासी पांच लोगों के खिलाफ मारपीट करने, धार्मिक भावना आहत करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना 31 मई की बताई गई है, जिसमें अब रिपोर्ट दर्ज कराने पर पुलिस ने जांच प्रारंभ कर दी है।
गांव बीबीपुर हटिया निवासी याकूब ने कैराना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 31 मई को वह गांव पावटी कला आया हुआ था। इसी दौरान पावटी कला निवासी दो सगे भाइयों सहित पांच आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते हुए गालीगलौज की तथा शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह ने बताया कि याकूब की तहरीर पर आरोपी अमित, विकास, महिपाल, रामकुमार और काला निवासी पावटी कला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।