युवक के खाते से 17 हजार उड़ाए
शामली। बहावड़ी निवासी युवक के खाते से ठग ने घर बैठे 17 हजार रुपये की शॉपिंग कर ली। पीड़ित जब पासबुक में एंट्री कराने पहुंचा, तो उसे ठगी की जानकारी हुई। पीड़ित ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बहावड़ी निवासी अनिल गांव में जनता जूनियर हाईस्कूल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। चार जनवरी की रात किसी ने उसके खाते से 17,373 रुपये निकाल लिए। पांच जनवरी को पीड़ित जब अपनी पासबुक में एंट्री कराने पहुंचा, तो उसे उसके साथ हुई ठगी का पता चला। उसने बैंक से स्टेटमेंट निकलवाया तो उसे पता चला कि किसी ने उसके खाते से ऑनलाइन खरीदारी की है। शॉपिंग किस माध्यम से की गई, एटीएम द्वारा या फिर इंटरनेट बैंकिंग से इसके बारे में पता नहीं लग पाया है। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेकर कोतवाली पुलिस को कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।