ढाई माह बाद भी नहीं हुआ हत्याकांड का खुलासा
कांधला(शामली)। क्षेत्र के गांव सुन्ना निवासी गुड़िया की हत्या को ढाई महीना बीत गया, लेकिन अब तक पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। पीड़ित परिवार ने कांधला थाना प्रभारी से खुलासा कराने की मांग की है।
कांधला थाना क्षेत्र के गांव सुन्ना निवासी हरेंद्र की बेटी गुड़िया 19 सितंबर को घर से अपने भाई के साथ स्कूल गई थी। उसके बाद वह घर नहीं लौटी। तीन दिन बाद कृष्णा नदी में गुड़िया का शव मिला था। गुड़िया के पिता हरेंद्र ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी तथा परिजनों ने तांत्रिक क्रिया की आशंका भी जताई थी। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। रविवार को गु़िड़या के पिता हरेंद्र ने परिवार के लोगों के साथ कांधला थाने पहुंचकर थाना प्रभारी से मुलाकात की और वारदात का खुलासा किए जाने की मांग की। हरेंद्र ने कहा कि उसकी मासूम बेटी के हत्याभियुक्तों का कोई सुराग नहीं लग पाने से उसको चैन नहीं मिल पा रहा है। तीन महीने से पुलिस सिर्फ यही आश्वासन देती रही कि जल्दी ही खुलासा किया जाएगा। थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि पुलिस प्रयासरत है, जल्द ही खुलासा किया जाएगा।