गांव डूंडूखेड़ा में कब्रिस्तान की दीवार क्षतिग्रस्त पर हंगामा हो गया। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति बन गई। ग्राम प्रधान के पति ने लोगों को शांत कर दीवार बनवाने का आश्वासन दिया।
गांव डूंडूूखेड़ा के बाहरी छोर पर कब्रिस्तान है। फरमान, सुलेमान, शाहरुख, शहजाद, आसिफ और फारूख आदि ने बताया कि प्रदेश में सपा सरकार के समय कब्रिस्तान की चारदीवारी बनवाई गई थी। गांव के दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने अपने खेतों में जाने के लिए कब्रिस्तान की दीवार तोड़कर दोनों ओर से रास्ता बना लिया। पूर्व में भी दीवार को तोड़ चुके हैं। मगर, उस समय समाज के लोगों ने कोई कार्रवाई न करते हुए चंदा जमा करके दीवार को ठीक करा लिया था।
आरोप है कि बृहस्पतिवार की शाम फिर से कब्रिस्तान की दीवार तोड़ दी गई। इस पर मुस्लिम समाज के लोगों में रोष व्याप्त हो गया। शुक्रवार सुबह समाज के लोेगों ने कब्रिस्तान पर एकत्र होकर कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया । मामला दो समुदाय का होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर ग्राम प्रधान के पति राजपाल मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। कहा कि किसी असामाजिक तत्व की शरारत के कारण गांव का माहौल खराब नहीं होने दिया जाएगा। आश्वासन दिया कब्रिस्तान की दीवार का दोबारा निर्माण कराएंगे। ग्राम प्रधान पति के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए। इस मामले में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।