झिंझाना। विद्युत निगम द्वारा बिजली चोरी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रवर्तन दल ने कस्बे में चेकिंग अभियान चलाया। जिसमें टीम ने 186 कनेक्शन चेक कर 23 उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके अलावा 138 बकाएदारों में से 45 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए 26 उपभोक्ताओं का अधिभार बढ़ाया है।
शनिवार को विद्युत प्रवर्तन दल ने अधीक्षण अभियंता शामली सुनील कपूर के नेतृत्व में टीम के साथ चेकिंग की। विद्युत चोरी करते हुए पकड़े जाने पर 23 लोगों के खिलाफ थाना झिंझाना में विद्युत अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसके अलावा 138 बिजली बिलों के बकाएदारों में से 45 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। साथ ही 26 उपभोक्ताओं का अधिभार बढ़ाया है। अधिशासी अभियंता एके वर्मा ने बताया कि सरकार की ओर बिजली चोरों के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है। जिसके चलते झिंझाना, ऊन, चौसाना आदि क्षेत्रों में अभियान चलाकर बकाएदारों के अलावा बिजली चोरी पर अंकुश लगाया जाएगा। टीम में सहायक अभियंता संजय कुमार, उपखंड अधिकारी ब्रजमोहन, अरुण कुमार, नाजिम अहमद के अलावा अवर अभियंता रोहित कुमार, संतोष कुमार, ज्योति प्रसाद, अमरनाथ, सुधीर कुमार आदि अधिकारी साथ रहे है।
- ट्रांसफार्मर खराब होने पर ग्रामीणों का हंगामा
झिंझाना।
अहमदगढ़ के ग्रामीणों ने गांव में दस दिन से गांव में छाए अंधेरे से परेशान होकर अश्वनी शर्मा व राजेंद्र गोल्डी के नेतृत्व में केरटू बिजलीघर पर प्रदर्शन कर हंगामा किया। ग्रामीणों का कहना है कि 10 दिन से ट्रांसफार्मर खराब होने के चलते उनके सभी कार्य बंद पड़े है। पशुओं के लिए चारा भी हाथों से काटा जा रहा है। पानी के लिए भी हैंडपंपों पर लाइन लगी रहती है। कई बार अवर अभियंता रोहित कुमार को मिलकर नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की गई, लेकिन हर बार आश्वासन देते चले आ रहे है। भीषण गर्मी में बिना बिजली के जीना मुहाल हो रहा है। सुबह सात बजे से एक बजे तक चले धरने को बाद एसडीओ नाजिम अहमद ने दो दिनों में नया ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया। इस दौरान मास्टर बिलम सिंह, रामसिंह, धीरू, बबलू, ओमबीर, चरण सिंह, राजकुमार, मुंशी, अजीत सिंह, धारा, गोवर्धन, ईश्वर, रामनिवास, धर्मबीर, प्रभु, रामा आदि ग्रामीण रहे।