मजदूरी के रुपये मांगने पर मारपीट
कांधला (शामली)। मजदूरी के रुपये मांगने पर ईंट भट्ठा मालिक पर अपने साथियों के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाते हुए एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कांधला थाना क्षेत्र के भारसी गांव में स्थित ईंट पर बुढ़ाना कोतवाली के गांव मदीनपुर निवासी अंकुर अपने परिवार के लोगों के साथ मजदूरी करता है। आरोप है कि बृहस्पतिवार को अंकुर ने भट्ठा मालिक से अपने मजदूरी के रुपए मांगे तो भट्ठा मालिक ने अपने कई साथियों के साथ मिलकर अंकुर के साथ मारपीट कर दी। शोरशराबा होने पर बेटे के बचाव में वहां पहुंची मां कृष्णा के साथ भी भट्ठा मालिक ने मारपीट की। पीड़ित पक्ष ने मामले की सूचना डायल-100 पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पुहंचकर दोनों घायलों को कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार के लिए भर्ती कराया, जबकि पुलिस के आने से पूर्व हमलावर मौके से कार्रवाई करने पर जाने से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीडित पक्ष ने अपनी चिकित्सा कराने के बाद भट्ठा मालिक सहित तीन लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।