कैराना(शामली) । क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में छह लोग घायल हो गए। कस्बे के मोहल्ला कायस्थवाड़ा निवासी धर्मा अपने पुत्र मोनू व एक अन्य साथ शनिवार शाम करीब सात बजे हरियाणा से बाइक द्वारा कैराना लौट रहा था। जब वे बाईपास के निकट पहुंचे, तभी अचानक सड़क में बने गहरे गड्ढे में बाइक का पहिया गिरने के कारण संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। पिता-पुत्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। परिजन घायलों का इलाज करा रहे है। उधर, कांधला रोड पर ऊंचा गांव के निकट बारात की कार और बाइक की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में युवती समेत तीन लोग घायल हो गए।
उधर, जिला बागपत के गांव किशनपुर बिराल निवासी संजीव, मनीष अपनी चचेरी बहन के साथ बाइक पर सवार होकर कैराना शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। जब वे ऊंचा गांव के निकट पहुंचे तो सामने से आ रही बरात की कार से टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में तीनों गंभीर घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़ लिया और मारपीट करने का प्रयास किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। दूल्हा और दुल्हन को दूसरी कार से भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक बारात की कार राजपुर गढ़ी से दुल्हन लेकर ऊन लौट रही थी।