कालेज से परीक्षा देकर लौट रही छात्रा से छेड़छाड़
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में करनाल रोड पर कालेज से परीक्षा देकर लौट रही छात्रा के साथ बाइक सवार युवक ने छेड़छाड़ की। परिजनों और लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। बाद में समझौता होने पर पुलिस ने युवक को छोड़ दिया।
बाबरी थानाक्षेत्र के एक गांव की छात्रा डिग्री कालेज में परीक्षा दे रही है। आरोप है कि बाबरी क्षेत्र के दूसरे गांव का युवक कई दिन से छात्रा को परीक्षा के दौरान कालेज में आते-जाते समय परेशान कर रहा था। छात्रा के विरोध करने के बाद भी आरोपी युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। परेशान होकर छात्रा ने यह बात अपने परिजनों को बताई। शनिवार दोपहर को छात्रा जब कालेज से परीक्षा देकर लौट रही थी, तो बाइक सवार युवक ने उसके साथ फिर छेड़खानी की। इसी दौरान साथ में चल रहे परिजनों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और धुनाई शुरू कर दी। इस दौरान लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने भी आरोपी की जमकर धुनाई की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को कोतवाली को ले गई। कोतवाली प्रभारी सुभाष सिंह राठौर ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। छात्रा के परिजनों ने किसी तरह की कोई कार्रवाई कराने से इंकार कर दिया। इस मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।