पुलिस लाइन में कार्यक्रमों की हुई रिहर्सल
शामली। गणतंत्र दिवस पर पुलिस लाइन में होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। बृहस्पतिवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का रिहर्सल किया गया। सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने पुलिस लाइन में पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। सीओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के निर्देशन में हर वर्ष की भांति इस साल भी पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस का पर्व धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम में शहर और आसपास क्षेत्रों के स्कूली बच्चे अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करेंगे।
मोबाइल चोरी करने पर युवकों की पिटाई
शामली। शहर के वर्मा मार्केट में दो युवकों पर मोबाइल चोरी करने का आरोप लगाते हुए दुकानदार और कर्मचारियों ने उनकी जमकर धुनाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी युवकों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। युवकों पर आरोप है कि वे मोबाइल लेने के लिए दुकान पर पहुंचे थे। मोबाइल देखते हुए उन्होंने मोबाइल चोरी कर लिए थे।