युवक का शव मिला
शामली। सोमवार शाम को कोतवाली क्षेत्र में मिल के पीछे लिलौन मार्ग से कौशांबी विहार को जाने वाले रास्ते पर खाली पड़े बरामदे में युवक का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। कोतवाली के सब इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि सोमवार शाम को उन्हें शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। शव की पहचान कराने के प्रयास किए गए, लेकिन उसकी शनाख्त नहीं हो सकी। हालांकि शव की शनाख्त होने के बाद असलियत का पता चल सकेगा।
कालेज में उपस्थिति दर्ज न करने का आरोप
शामली। जय जवान जय किसान इंटर कालेज मुंडेट कलां के सहायक अध्यापक कृष्णपाल सिंह ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र देकर बताया कि सोमवार को वे आठ बजकर 50 मिनट में कालेज पहुंचे थे। कृष्णपाल सिंह का आरोप है कि उन्होंने कार्यवाहक प्रधानाचार्य सुधीर राणा ने उपस्थिति दर्ज कराने के लिए उपस्थिति पत्रिका मांगी, लेकिन उन्होंने उपस्थिति पत्रिका नहीं दी। सहायक अध्यापक ने बताया कि प्रबंध कमेटी ने उन्हें एक जनवरी 2019 को निलंबित कर दिया था। निलंबन के निर्णय पर उन्हें कोर्ट से पांच मार्च को स्थगन आदेश मिला है। इस संबंध में प्रधानाध्यापक ने बताया कि कोर्ट के निलंबन पर स्थगन आदेश की उन्हें जानकारी नहीं है। कोर्ट के आदेश का अनुपालन किया जाएगा। उपस्थिति दर्ज कराने संबंधी अधिकार प्रबंधक का है। अगर सहायक अध्यापक उन्हें लिखित पत्र देते है तो उसे प्रबंधक के पास भेज दिया जाएगा।