चुनाव प्रचार सामग्री हटेगी
शामली। कैराना लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इसी के चलते जिला निर्वाचन अधिकारी (जिलाधिकारी) इंद्र विक्रम सिंह ने सभी एडीएम और सहायक रिटर्निंग ऑफिसरों को निर्देश दिया है कि किसी भी सार्वजनिक स्थान पर चुनाव संबंधी प्रचार सामग्री नहीं लगी होनी चाहिए। जहां कहीं पर भी चुनाव प्रचार से संबंधित होर्डिंग, बैनर , पंफ्लेट लगे हैं, उन्हें तत्काल हटवाया जाएगा।
बृहस्पतिवार को ही केंद्रीय चुनाव आयोग ने कैराना सीट के उपचुनाव का कार्यक्रम जारी किया। इस संबंध में आयोग का पत्र मिलने पर जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने जिले के सभी एसडीएम और सहायक रिटर्निंग ऑफिसरों को निर्देश जारी कर प्रचार सामग्री हटाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार सामग्री हटवाने की कार्रवाई के संबंध में प्रतिदिन अपराह्न चार बजे सूचना भेजी जाए, जो चुनाव आयोग के पोर्टल पर दर्ज कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा है कि आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने पर कार्रवाई होगी।
- चुनाव कार्यक्रम
तीन मई को निर्वाचन की अधिसूचना जारी होगी। 10 मई को नामांकन पत्र जमा होंगे। 11 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 14 मई तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। 28 मई को मतदान और 31 मई को मतगणना होगी।