कैराना(शामली)। मलकपुर गांव में वन विभाग की 10 बीघा भूमि को कब्जा मुक्त कराने गई वन विभाग की टीम के साथ अवैध कब्जाधारी के पुत्र ने फायर कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो गया। बाद में क्षेत्रीय वनाधिकारी ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
गांव मलकपुर स्थित वन विभाग की करीब 10 बीघा भूमि पर गांव गंदराऊ निवासी आलमदीन ने कब्जा कर गेहूं की फसल बोई हुई थी। बुधवार को क्षेत्रीय वन अधिकारी राकेश बालियान के नेतृत्व में टीम मलकपुर गांव में पहुंची और टीम ने वन विभाग की दस बीघा भूमि को कब्जामुक्त कराते हुए भूमि के चारों ओर सुरक्षा खाई खुदवाकर भूमि को अपने कब्जे में ले लिया। टीम द्वारा की गई कार्रवाई का पता चलने पर अवैध कब्जाधारी का पुत्र मुबारिक मौके पर पहुंचा। आरोपी ने टीम के साथ गाली गलौज करते हुए तमंचे से फायरिंग कर दी। तभी टीम ने पुलिस को सूचना कर दी। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। बाद में क्षेत्रीय वन अधिकारी राकेश बालियान ने गंदराऊ निवासी मुबारिक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं टीम ने दूसरे दिन भी वन विभाग की भूमि पर अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अकबरपुर सुंहैटी में वन विभाग की 8 बीघा भूमि को कब्जामुक्त कराते हुए भूमि के चारो ओर सुरक्षा खाई खुदवाकर अपने कब्जे में ले ली। इस दौरान वन दरोगा ब्रजपाल शर्मा व हल्का लेखपाल सतबीर आदि टीम के सदस्य मौजूद रहे।