वन विभाग की टीम से गालीगलौज
कैराना(शामली)। अकबरपुर सुनहेटी में वन विभाग की कब्जा मुक्त कराई गई जमीन पर पौधे रोपने पहुंची टीम के साथ महिला ने गालीगलौज कर दी और पौधे नष्ट कर दिए। वन विभाग के सेक्सन आफिसर ने कैराना कोतवाली में आरोपी महिला के खिलाफ तहरीर दी है।
वन विभाग के सेक्सन आफिसर ब्रजपाल शर्मा ने बताया कि गांव अकबरपुर सुनहेटी में पिछले माह वन विभाग की 20 बीघा भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया था। उक्त भूमि पर इरशाद निवासी अकबरपुर सुनहेटी ने धान की फसल बो रखी थी। इस मामले में इरशाद के विरुद्ध एक सप्ताह पूर्व कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बाद जानकारी मिली कि आरोपी पुन: उक्त भूमि पर कब्जा करके गेहूं की फसल बोने की तैयारी कर रहा है। जिला वनाधिकारी के निर्देश पर बुधवार को वन विभाग की टीम अकबरपुर सुनहेटी में उक्त 20 बीघा जमीन पर 150 पौधे रोपने पहुंची। टीम ने जैसे ही पौधरोपण किया तो उसी दौरान इरशाद की पत्नी वकीला मौके पर आई तथा टीम के साथ गाली गलौज करते हुए पौधो को नष्ट कर दिया। मौके पर महिला पुलिस या टीम में कोई महिला नहीं होने के कारण आरोपी महिला के विरुद्ध कोई कार्रवाई नही की जा सकी। सेक्सन आफिसर ब्रजपाल शर्मा ने बताया कि जिला वनाधिकारी के निर्देश पर आरोपी वकीला निवासी अकबरपुर सुनहेटी के विरुद्ध कोतवाली में तहरीर दे दी गई है।