पंचायत में दो पक्षों के बीच तकरार
कांधला(शामली)। महिला को एक युवक बहला फुसलाकर अगवा करके ले गया। गांव में दो पक्षों के लोगों में तनाव व्याप्त है। पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस मसले पर पंचायत में भी आम सहमति नहीं बन सकी। पंचायत में दोनों पक्षों के लोगों के बीच कहासुनी हो जाने पर विवाद खड़ा हो गया।
क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने थाने में तहरीर देकर बताया कि गांव के ही युवक का उसके घर पर काफी समय से आना जाना था। पांच दिन पूर्व उसके तीनों बच्चे मोहल्ले में चाचा के घर पर खेेलने के लिए गए थे। घर में पत्नी अकेली थी। इसी दौरान युवक वहां पहुंचा और उसकी पत्नी को बहला फुसलाकर ले गया। शाम को घर लौटने पर पति को इसकी जानकारी हुई। पीड़ित पक्ष के लोगों ने महिला की बरामदगी के लिए गांव में समाज के लोगों की पंचायत बुलाई। पंचायत में युवक के परिवार के लोगों को भी बुलाया गया। पंचायत में दोनों पक्षों के लोगों के बीच कहासुनी हो जाने पर विवाद खड़ा हो गया। इसके बाद पंचायत में कोई समाधान नहीं हो पाया। इस पर पीड़ित व्यक्ति ने सोमवार को परिवार के लोगों के साथ थाने पर पहुंचकर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि मामले में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।