मुठभेड़ के दौरान दबोचे दो बदमाश
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। आदर्श मंडी थाना पुलिस ने मुजफ्फरनगर मार्ग पर गोहरपुर गांव के पास से मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि इन बदमाशों ने चौसाना, थानाभवन और गंगोह क्षेत्र में लूट की वारदातें की थीं।
थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि देर रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गोहरपुर गांव के पास बदमाशों की घेराबंदी की गई। पुलिस पर फायरिंग कर आरोपी भागने लगे, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो बदमाशों को पकड़ लिया। इस दौरान झिंझाना क्षेत्र के गांव खानपुर जाटान निवासी संजय पुत्र बदली और बड़ा खानपुुर निवासी धारा पुत्र रामेश्वर को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से म्यूजिक सिस्टम, एक हजार रुपये, तमंचा, तीन कारतूस और एक चाकू बरामद हुआ। आरोपियों से पूछताछ करने पर खुलासा हुआ कि इन्होंने चौसाना चौकी क्षेत्र में कुछ दिन पूर्व एक पिकअप चालक और उसके साथी से नकदी तथा म्यूजिक सिस्टम लूटा था। इसके अलावा थानाभवन और गंगोह क्षेत्र में भी राहगीरों से नकदी लूटी थी। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को शनिवार दोपहर न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया गया।
महत्वपूर्ण
चौसाना, थानाभवन और गंगोह में हुई लूट का खुलासा
आतंकित कर युवक से बाइक और नकदी लूटी
शामली। कोतवाली शामली क्षेत्र में मेरठ रोड पर लिसाढ़ गांव के पास चार बदमाशों ने आतंकित करके युवक से बाइक और नकदी लूट ली। पीड़ित युवक ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। गांव फुगाना निवासी कपिल शुक्रवार रात शामली से अपने गांव लौट रहा था। मेरठ करनाल हाइवे पर जब वह लिसाढ़ गांव के पास पहुंचा, तो चार बदमाशों ने उसे रोक लिया। इसके बाद आतंकित करके उससे बाइक और चार हजार रुपये नकदी लूट ली और फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित कपिल ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तीन युवकों को हिरासत में लिया
शामली। कोतवाली शामली पुलिस ने गांव हसनपुर के पास से तीन युवकों को पकड़ लिया। युवकों को थाने लाकर पूछताछ की गई। वहीं, युवकों को छुड़ाने के लिए उनके परिजनों के साथ ही सिफारिश करने वाले भी थाने पहुंच गए, लेकिन पुलिस ने युवकों को छोड़ने से इंकार कर दिया। पुलिस को आशंका है कि पकड़े गए युवक लूटपाट की वारदातों में शामिल हैं, जिस कारण पूछताछ की जा रही है।