लिलौन गांव में मोबाइल टॉवर पर बदमाशों ने धावा बोला
शामली। वैगनआर सवार बदमाशों ने लिलौन गांव के बाहर निजी मोबाइल कंपनी के टॉवर पर धावा बोल दिया। टॉवर का अलार्म बजने पर ग्रामीणों ने बदमाशों को ललकारा। इसके बाद वैगनार को छोड़कर बदमाश फरार हो गए।
गांव लिलौन निवासी रोहताश पुत्र ओमप्रकाश की बलवा रोड स्थित भूमि में निजी कंपनी का मोबाइल टावर लगा हुआ है। शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे टावर पर बदमाशों ने ताला तोड़कर अंदर घुस गए। रिलायंस टावर मे छेड़छाड़ से अलार्म बज गया। टेक्नीशियन ने इसकी सूचना रोहताश को कॉल करके दी। टॉवर पर लिलौन गांव के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बदमाशों को ललकारा। बदमाशों ने जवाब में गोली चलाते हुए पास में गन्ने के खेत में कूद गए। ग्रामीणों ने भी बदमाशों पर गोली चलाई। घटना की सूचना 100 नंबर पर देकर शामली कोतवाली पुलिस को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सहायक पुलिस अधीक्षक अजय प्रताप सिंह, सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके से मिली वैगनआर को कब्जे में ले लिया। मामले में चोरी के प्रयास की तहरीर शामली कोतवाली पुलिस को दी गई। कोतवाली प्रभारी जेएस कालरा ने बताया कि घटना के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कार कब्जे में है, मामले की जांच की जा रही है।