लोहे के दरवाजे में उतरा करंट, किशोरी की मौत
झिंझाना। गांव खानपुर में लोहे का दरवाजा बंद करते समय उतरे करंट की चपेट में आने से किशोरी की मौत हो गई, इससे उसके परिजनों में कोहराम मच गया।
गांव खानपुर कला में किशोरी रविता (13) अपनी मां आशा के साथ अपनी नानी केलादेवी के यहां रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह कक्षा आठ की छात्रा थी। सोमवार को वह घर में लगा लोहे का दरवाजा बंद कर रही थी। दरवाजे में करंट उतरा हुआ था, जिस कारण किशोरी की मौत हो गई। ग्राम प्रधान होशियार सिंह ने बताया की किशोरी का पिता हरिओम बाहर मजदूरी करने गया हुआ है। उसके आने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। किशोरी की मौत होने पर परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
संदिग्ध परिस्थितियों में लापता
झिंझाना। गांव रंगाना निवासी मोति ने सोमवार को थाना झिंझाना में तहरीर देकर बताया की उसका छोटा भाई प्रशांत 31 मार्च की सुबह से गांव से गायब हो गया है। तलाश करने पर नहीं मिला है। थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है।
सांड़ की टक्कर से बाइक सवार तीन लोग घायल
शामली। मेरठ-करनाल हाइवे पर तीन युवक बाइक पर जा रहे थे। बताया जाता है कि जब वह गांव लांक के पास पहुंचे तो उसी दौरान एक सांड़ उनकी बाइक के सामने आ गया। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सिलेंडर में आग लगने से मची अफरातफरी
बाबरी। सोमवार की दोपहर बाबरी निवासी मास्टर फकीरचंद के घर में महिलाएं खाना बना रही थी। बताया जाता है कि उसी दौरान सिलेंडर में आग लग गई, जिससे हड़कंप मच गया। इस दौरान रसोई में रखा सामान जल गया। बाद में बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया गया।