चोर की धुनाई कर पुलिस को सौंपा
कैराना(शामली)। ईंट भट्ठे पर कार्य कर रहे मजदूर के अस्थायी मकान में चोरी कर रहे युवक को रंगेहाथों दबोच कर जमकर धुनाई करते हुए पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
रायबरेली निवासी राजकुमार ने कोतवाली कैराना पर तहरीर देकर बताया कि वह कैराना के आर्यपुरी देहात में स्थित ईंट भट्ठे पर भट्ठी फूंकने का कार्य करता है। भट्ठे पर ही उसने अस्थायी रूप से रहने के लिए मकान बनाया है। बुधवार की सुबह 11.30 बजे जब वह अपना कार्य कर रहा था, तो तभी उसे कमरे में आवाज सुनाई दी। कमरे में जाने पर देखा तो पता चला कि युवक चोरी कर रहा है, जिसे उसने पकड़ लिया और जमकर धुनाई की। बाद में आरोपी को पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया मोबाइल, बैटरी, मारुति लाइट बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सादिक निवासी भूरा चुंगी बताया है। पुलिस ने राजकुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके सादिक का चालान कर दिया।
घर में घुसकर मारपीट
कैराना। मोहल्ला चांद मस्जिद निवासी फरहान ने कोतवाली पर तहरीर देकर बताया कि वह अपने चाचा रिजवान, दादी शमीम फात्मा व शहनाज के साथ घर पर बैठा हुआ था। आरोप है कि तभी रंजिशन दबंगों ने घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की। बाद में आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।