कोतवाली शामली क्षेत्र में मिल रोड पर बृहस्पतिवार रात बाइक सवार बदमाशों ने युवक से दो लैपटॉप सहित बैग लूट लिया। पीड़ित युवक ने शामली कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
माजरा रोड स्थित चौधरी चरण सिंह कालोनी निवासी अभिमन्यु कुमार पुत्र अशोक कुमार ने शुक्रवार सुबह शामली कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। अभिमन्यु ने बताया कि बृहस्पतिवार रात वह दिल्ली से ट्रेन से शामली लौटा। शामली रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद वह पैदल ही शुगर मिल की तरफ आ रहा था। उसके पास बैग था, जिसमें दो लैपटॉप रखे थे। जैसे ही वह मिल रोड पर पहुंचा, तो पीछे से बाइक सवार दो बदमाश आए। बदमाशों ने उससे बैग छीन लिया। उसने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन बदमाश बाइक पर होने के कारण तेजी से फरार हो गए। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सब्जी विक्रेता को पीटकर रुपये छीने
शामली। मोहल्ला तैमूरशाह निवासी गुफरान पुत्र अजीज ने शामली कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह रेहड़ी से फेरी लगाकर सब्जी बेचने का कार्य करता है। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे वह गांव खेड़ीकरमू में सब्जी बेचने गया था। जब वह बर्फखाने वाली गली में पहुंचा, तो वहां मिले अखलाक, खालिद और चार अज्ञात युवकों ने उसके साथ गाली गलौज की। विरोध करने पर लाठी डंडो से उसको पीटा और 2750 रुपये नकदी, मोबाइल फोन और सब्जी से लदी रेहड़ी भी छीन ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।