दो छात्र गुटों में चली आ रही वर्चस्व की जंग को लेकर एक पक्ष से छात्रों ने दुकान में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। दोनो गुट आमने-सामने आ गए। इस दौरान हुए संघर्ष में एक पक्ष की ओर से छात्र व उसका चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन छात्रों को हिरासत में लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव जसाला निवासी फरमान कस्बे के रेलवे रोड स्थित हिंदू इंटर कॉलेज में कक्षा 12 का छात्र है। पिछले कई दिनों पूर्व किसी बात को लेकर जसाला व माहल्लीपुर के छात्रों में विवाद हो गया था, तभी से दोनों गांव के छात्रों में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर आपसी रंजिश बनी हुई है। बुधवार दोपहर स्कूल के बाद फरमान रेलवे रोड पंजाब नेशनल बैंक के समीप अपने चाचा शाबिर की दुकान पर बैठा हुआ था। आरोप है कि तभी वहां पर फरमान का पीछा करते हुए गांव माहल्लीपुर निवासी अतीक अपने कई अन्य साथियों के साथ में पहुंचा और फरमान को दुकान के बाहर खींचकर उसके साथ में मारपीट शुरू कर दी। मैन बाजार में छात्रों के बीच चले डडों व बेल्टों से वहां पर भगदड़ मच गई। फरमान को बुरी तरह से मार खाते हुए देखकर शाबिर अपने भतीजे के बचाव में कूद पड़ा, लेकिन उसको भी हमला कर छात्रों ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। बाजार में झगड़े की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हमलावरों से पीड़ित को बचाया। कई छात्र मौके से फरार हो गए, जबकि तीन छात्रों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मामले में पीड़ित छात्र फरमान व उसके चाचा शाबिर ने अपनी चिकित्सा कराने के बाद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि तीन युवक हिरासत में है उनके साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।