धर्मस्थल में एलान कर प्रधान को दी धमकी
कांधला। हरमंजपुर के ग्राम प्रधान ने एक रिटायर फौजी पर धर्मस्थल में एलान कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव हुरमंजपुर निवासी अनिल ग्राम प्रधान है। उन्होंने बताया कि पिछले काफी दिनों से गांव का नीरज फौजी उससे और उसके परिवार से रंजिश रखता है। आरोप है कि बुधवार शाम को वह किसी कार्य के लिए कांधला गए थे। जब वह अपने गांव लौट रहे थे तो गांव के बाहर गांव के नीरज फौजी ने उसके साथ में गालीगलौज करते हुए धक्का-मुक्की शुरू कर दी । उस समय वहां पर मौजूद लोगों ने दोनों का बीच बचाव करा दिया। आरोप है कि कुछ समय के बाद नीरज गांव की धर्मस्थल में पहुंचा और दो बार एलान करके ग्राम प्रधान को गोली मारने की धमकी दी। ग्राम प्रधान ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सूचना के बाद गांव में पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी सुनील दत्त ने बताया कि उन्हें मामले में तहरीर मिली है, जिस पर कार्रवाई करते हुए युवक का चालान कर दिया गया है।