पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा आरोपी सिपाही
अमर उजाला ब्यूरो
थानाभवन। पासपोर्ट आवेदन की जांच में फर्जीवाड़ा करने के आरोपी सिपाही की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, जबकि एफआईआर दर्ज हुए 15 दिन से ज्यादा बीत चुके हैं।
जलालाबाद में रह रहे मुंबई निवासी मोहम्मद रफी ने पासपोर्ट बनवाने के लिए आवेदन किया था और फर्जी दस्तावेज लगाकर खुद को जलालाबाद निवासी बताया था। मामले का खुलासा होने पर पुलिस ने आरोपी मोहम्मद रफी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी और उसे गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। वहीं, पासपोर्ट आवेदन की जांच में लापरवाही की जांच करने के दौरान यह भी खुलासा हुआ था कि थानाभवन थाने के सिपाही (मुंशी) फैय्याज ने उपनिरीक्षक आज्ञाराम के फर्जी हस्ताक्षर आवेदन की जांच पर किए थे। इसके चलते सिपाही फैय्याज के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज हुई थी। इसके अलावा तत्कालीन थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार को निलंबित कर दिया गया था। सिपाही फैय्याज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुए 15 दिन से ज्यादा का समय बीत चुका है। अब तक पुलिस मामले की जांच ही करने में लगी हुई है। लेकिन सिपाही की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जबकि सिपाही द्वारा किया गया फर्जीवाडा देश की आंतरिक सुरक्षा के साथ खिलवाड़ मानी गई थी। थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि मामले की विवेचना चल रही है, शीघ्र विवेचना पूरी हो जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महत्वपूर्ण
पासपोर्ट आवेदन की जांच में फर्जीवाड़े का मामला