अमर उजाला ब्यूरो
कांधला। प्रेम प्रसंग के चलते गुजरात से लापता हुई युवती को पुलिस ने कस्बा कांधला से प्रेमी के घर से बरामद कर लिया। पुलिस का कहना है कि युवती ने खुद को बालिग बताया है तथा अपनी मर्जी से युवक के साथ शादी करने से संबंधित कागजात दिखाए हैं। युवती को कोर्ट में पेश करके बयान दर्ज कराए जाएंगे।
कस्बा कांधला के मोहल्ला शेखजादगान निवासी इस्तखार हरियाणा राज्य के पानीपत में इलेक्ट्रानिक की दुकान करता है। कई माह पूर्व इस्तखार की फेसबुक के जरिये गुजरात के जिला गांधीनगर निवासी युवती से दोस्ती हुई और फिर प्यार हो गया। कई दिन पूर्व मौका लगते ही दोनों घर से फरार हो गए। युवती के पिता ने गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराकर युवती को बरामद करने की मांग की थी। शनिवार को सर्विलांस के माध्यम से गुजरात पुलिस की टीम ने प्रेमी युगल को तलाशती हुई कांधला पहुंची। स्थानीय पुलिस को साथ लेकर मोहल्ला शेखजादगान में दबिश दी और युवक-युवती को बरामद कर लिया। गुजरात पुलिस के एसआई वेंकटेश कुमार ने बताया कि प्रेमी युगल बालिग है। दोनों ने शादी करने के दस्तावेज दिखाए हैं। युवती के बयान कोर्ट में दर्ज कराए जाएंगे, जिसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
महत्वपूर्ण
- फेसबुक के जरिये कांधला निवासी युवक से हुआ प्रेम
- अपनी मर्जी से कांधला में रहने की बात पुलिस को बताई