शामली। सरकारी अस्पताल में गर्भवती महिला को ब्लड चढ़ाने के नाम पर रुपये मांगने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने इसकी शिकायत चिकित्साधीक्षक से की है। जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
गांव बरला जट निवासी महिला कविता शनिवार को सीएचसी में अपना चेकअप कराने आई थी। जांच में उसका हिमोग्लोबिन छह के करीब निकला। जिस कारण डॉक्टर ने उसको ब्लड चढ़वाने की सलाह दे दी। जिसके बाद वह ब्लड स्टोरेज यूनिट में पहुंची। आरोप है कि महिला से वहां ब्लड देने के नाम पर बदले में दूसरा ब्लड मांगा। महिला द्वारा इससे मना करने पर उससे साढ़े सात हजार रुपये मांगे गए। आरोप है कि वहां मौजूद युवक ने सौदेबाजी शुरू कर दी। पहले उससे साढ़े सात हजार, फिर पांच हजार, फिर तीन हजार और उसके बाद एक हजार रुपये मांगे गए, लेकिन महिला ने रुपये होने से मना कर दिए। जिसके बाद पीड़िता चिकित्साधीक्षक डॉ. रमेश चंद्रा के पास पहुंची और इसकी शिकायत की। उधर, डॉ. रमेश चंद्रा चिकित्साधीक्षक ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच की जा रही है, पूरे मामले में कार्रवाई की जाएगी।